नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की टीमें उच्च हिमालयी क्षेत्रों का निरीक्षण कर जोशीमठ लौट आई हैं। टीमों ने बताया कि बुग्याल क्षेत्रों में अभी भी कई फीट बर्फ है और चट्टानी व बुग्याल क्षेत्रों में वन्य जीव विचरण कर रहे हैं। टीमों को बुग्यालों में हिरन, थार, गुलदार, भालू सहित कई अन्य वन्य जीव विचरण करते दिखाई दिए। वहीं, दुर्लभ प्रजाति के वन्य जीव कस्तूरी मृग के पदचिह्न भी मिले।
कोरोना संक्रमण के चलते राष्ट्रीय पार्क में आम लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध है। ऐसे में वन्य जीवों की तस्करी की आशंका को देखते हुए पार्क प्रशासन ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तीन गश्ती टीमें भेजी थीं। इनमें से एक टीम धरासी पास और दूसरी टीम वंशीनारायाण व कुवारीपास क्षेत्र में भेजी गई थी। पार्क की वन क्षेत्राधिकारी चेतना कांडपाल ने बताया कि दो गश्ती दल दो जून को पार्क के जंगल और हिमालय क्षेत्रों के निरीक्षण के लिए गए थे। मंगलवार को टीमें जोशीमठ लौट आई हैं। टीमों को पार्क के अंतर्गत वन्य जीव तस्करी से संबंधित कोई मामला नहीं मिला, लेकिन उन्हें कई जगहों पर दुर्लभ प्रजाति के कस्तूरी मृग के पद चिह्न मिले हैं। साथ ही हिरन, थार, गुलदार, भालू, मोनाल सहित कई अन्य जीव विचरण करते दिखे। पार्क के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अब भी कई जगहों पर कई किलोमीटर तक बर्फ जमी है। पार्क में किसी भी आम व्यक्ति की आवाजाही न होने के कारण वन्य जीव शांत माहौल में विचरण कर रहे हैं।