छह माह से वेतन न मिलने के कारण क्रमिक अनशन पर बैठे एचसीसी (हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी) के कर्मचारी व मजदूरों का क्रमिक अनशन मंगलवार को आठवें दिन भी जारी रहा। एचसीसी प्रबंधन ने मंगलवार को कर्मचारियों को एक माह का वेतन दिया, लेकिन कर्मचारी कम से कम दो माह का वेतन देने की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने कहा यदि शीघ्र शेष वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो 10 जून से परियोजना की आवश्यक सेवाओं का संचालन भी बंद कर दिया जाएगा।
वेतन भुगतान की मांग को लेकर एचसीसी के कर्मचारी एक जून से कार्यबहिष्कार कर क्रमिक अनशन कर रहे हैं, जिससे विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना का काम ठप पड़ा है। आंदोलनरत कर्मचारी राजेश माझी और अवतार सिंह ने बताया कि सोमवार को एचसीसी प्रबंधन ने दो माह का वेतन देने का आश्वासन मजदूरों को दिया था, लेकिन मंगलवार को सिर्फ एक माह का ही वेतन दिया गया है, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश है। इस मौके पर कौशल कुमार मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद, सोहन कुमार, समीर शाह और गोपाल सिंह आदि मौजूद थे। संवाद
बिना शर्त सेवा बहाली नहीं की तो 14 से होगा आंदोलन
पीपलकोटी। सेवा बहाली की मांग को लेकर अब उपनल कर्मियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने टीएचडीसी प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। मंगलवार को कर्मियों ने बैठक कर एलान किया कि यदि टीएचडीसी की ओर से यदि बिना शर्त सेवा बहाली नहीं की गई तो 14 जून से आंदोलन शुरू कर विष्णुगाड परियोजना का कार्य पूरी तरह से बंद करवा दिया जाएगा। हाट गांव के ग्राम प्रधान राजेंद्र हटवाल और दशोली ब्लॉक के ज्येष्ठ उपप्रमुख पंकज हटवाल के नेतृत्व में उपनल कर्मियों की बैठक हुई। कहा गया कि बिना कारण बताए टीएचडीसी ने परियोजना प्रभावित हाट गांव के 16 कर्मियों को बाहर कर दिया है। अब जब तक सेवा बहाली नहीं हो जाती आंदोलन जारी रखा जाएगा।