गोपेश्वर। जिला आयुर्वेद विभाग की ओर से देश के प्रथम गांव माणा में योगाभ्यास शुरू कर दिया गया है। यह अभ्यास पांच जून तक चलेगा। वहीं आयुर्वेद विभाग के सहयोग से पुलिस कर्मियाें के लिए गोपेश्वर के आंबेडकर भवन में योगाभ्यास शिविर आयोजित किया गया। यह अभ्यास 20 जून होगा।
वाइब्रेंट विलेज माणा में लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए यहां योगाभ्यास शुरू किया गया है। इस मौके पर योग के नोडल अधिकारी डॉ. सुनील कुमार रतूड़ी, फार्मेसी अधिकारी गोविंद सिंह राणा, ग्राम प्रधान पीतांबर मोल्फा, योग प्रशिक्षक नरेंद्र सिंह बड़वाल आदि मौजूद रहे। इस दौरान बदरीनाथ की यात्रा पर आए श्रद्धालुओं ने भी योगाभ्यास किया।वहीं गोपेश्वर में पुलिस उपाधीक्षक अमित सैनी और जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. एसके त्रिपाठी ने योगाभ्यास की शुरुआत की। योग प्रशिक्षक अखिलेश भट्ट ने पुलिस कर्मियों को प्राणायाम, ध्यान आदि का अभ्यास कराया। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक आनंद रावत, डॉ. एचएस पंखोली, डॉ. राहुल बिष्ट, रविंद्र राणा और नरेश कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद