भूस्खलन और भू-धंसाव के कारण बदहाल हो रहा है बदरीनाथ राजमार्ग
संंवाद न्यूज एजेंसी
पीपलकोटी/गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पहले से ही भूस्खलन और भू-धंसाव की जद में है। इसके बावजूद कई लोगों की ओर से हाईवे किनारे निजी निर्माण का मलबा डंप किया जा रहा है। मगर अब हाईवे किनारे किसी ने निजी निर्माण कार्य का मलबा डाला तो एनएचआईडीसीएल की ओर से एफआईआर दर्ज की जाएगी।
पीपलकोटी के समीप भनेरपाणी क्षेत्र में गत वर्ष अगस्त माह में अतिवृष्टि से भूस्खलन शुरू हो गया था। कुछ लोगों की ओर से भूस्खलन वाले क्षेत्र में निजी निर्माण का मलबा भी डंप किया गया है जिससे यहां भूस्खलन बढ़ रहा है। पीपलकोटी, चमोली, जोशीमठ, कर्णप्रयाग सहित कई अन्य जगहों पर यह स्थिति बनी है। एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) के उप महाप्रबंधक शैलेंद्र कुमार ने कहा कि लोग हाईवे किनारे निजी निर्माण सामग्री का भंडारण करने के साथ ही मलबे को भी डंप कर रहे हैं, जिससे हाईवे को नुकसान पहुंच रहा है। यदि कोई भी व्यक्ति हाईवे किनारे मलबा डंप करते हुए पकड़ा गया तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। पुलिस प्रशासन को भी इस संबंध में लिखा गया है।