पर्यटन नगरी लोहाजंग में स्व. शेर सिंह दानू की स्मृति में 23 नवंबर को पांच दिवसीय सांस्कृतिक एवं औद्योगिक पर्यटन विकास मेले का आयोजन होगा। मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत करेंगे।
मेलाध्यक्ष इंद्र सिंह राणा ने बताया कि अविभाजित यूपी के पूर्व विधायक और देवाल ब्लाक के दूरस्थ गांव पिनाऊ निवासी स्व. शेर सिंह दानू के परिवार का इतिहास गौरवशाली रहा है। उन्होंने इलाहाबाद विवि से एमए, एलएलएम की शिक्षा प्राप्त की थी। अविभाजित यूपी में 1969 में जनसंघ से चुनाव जीतकर विधायक बने। उन्होंने देवाल के गांवों में मार्ग भी बनवाए। उन्होंने बताया कि मेले की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। मेले में महिला मंगल दल, युवक मंगल दल एवं शिक्षण संस्थाओं की ओर से रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी। वॉलीबाल, क्रिकेट और कैरम प्रतियोगिताएं भी होंगी। दूसरी ओर वीसी दरवान सिंह नेगी वार मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से आयोजित शौर्य महोत्सव में भी सीएम प्रतिभाग करेंगे।