पर्यटन नगरी लोहाजंग में नहीं हैं स्वास्थ्य सुविधाएं
लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र खोलने के लिए सीएम को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवाल। पर्यटन नगरी लोहाजंग में प्राथमिक उपचार की सुविधाएं ही नहीं हैं जबकि यहां बारहमासी पर्यटक आते हैं। यही नहीं लोहाजंग आसपास के 20 से 30 गांवों का केंद्र भी है। मगर यहां अस्पताल नहीं होने से मरीजों को प्राथमिक उपचार के लिए 20 से 30 किमी दूर देवाल जाना पड़ता है। ग्रामीणों की ओर से यहां लगातार स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने की मांग भी की जा रही है।
लोहाजंग के आसपास के मुंदोली, बानुड़ी, हरनी, सुया, धारकोट, कुलिंग, बांक, वाण, दीदना सहित 20 से अधिक गांवों की करीब सात हजार की आबादी है लेकिन यहां स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं हैं। रूपकुंड पर्यटन विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के लिए यहां पर देश-विदेश के पर्यटक आते हैं लेकिन इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा नहीं होने से लोगों को सर्दी, जुकाम सहित मामूली बीमारी के लिए भी 20 से 40 किमी दूर देवाल जाना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से लोहाजंग में स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत की मांग की। वहीं सीएमओ डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि लोहाजंग में स्वास्थ्य केंद्र के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली से दूरी मानक, जनसंख्या और अन्य मानकों की रिपोर्ट मांगी जाएगी। इसके बाद स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।