इंजीनियरिंग कॉलेज गोपेश्वर ने समीपवर्ती छह राजकीय प्राथमिक विद्यालय और इंटर कॉलेज को गोद लेने का निर्णय लिया है। कॉलेज में अध्ययनरत भावी इंजीनियर इन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को तकनीकी शिक्षा से रूबरू कराएंगे। छात्रों को कॉलेज का भ्रमण भी कराया जाएगा और उन्हें लैब में रखे उपकरणों की जानकारी दी जाएगी।
कॉलेज के नवनियुक्त निदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से क्षेत्र के समीपवर्ती प्राथमिक और इंटर स्तर के कुल छह विद्यालयों को गोद लिया जाएगा। कॉलेज में अध्ययनरत छात्र संबंधित विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को तकनीकी शिक्षा की जानकारी देंगे। ताकि छात्रों में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए दिलचस्पी बढ़े और इसमें कॅरिअर संवार सके। आगामी दिसंबर माह में इस पर काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोपेश्वर कॉलेज में अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित प्रयोगशालाएं हैं। यहां स्मार्ट कक्षाओं का संचालन भी किया जाता है।