जोशीमठ। तहसील प्रशासन और नगर पालिका की ओर से हाईवे किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत जोगीधारा से विष्णुप्रयाग तक प्रशासन ने 25 जगहों से अतिक्रमण ध्वस्त किया।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन अतिक्रमण के खिलाफ सख्त हो गया है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी के नेतृत्व में नगर में अतिक्रमण हटाया गया जबकि कई जगहों पर जेसीबी की मदद से भी अतिक्रमण ध्वस्त किए गए। कई लोगों के आवासीय या व्यावसायिक भवनों के कॉर्नर या छज्जे हाईवे की तरफ थे उन्हें दो दिनों में हटाने के निर्देश दिए गए। एसडीएम कुमकुम जोशी ने बताया कि हाईवे पर किए गए 25 अतिक्रमण को हटाया गया। निर्देश के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो प्रशासन की ओर से उन्हें ध्वस्त किया जाएगा। अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। संवाद
डीएम से मिले दुकानदार, नहीं मिली राहत
पौड़ी। श्रीनगर रोड से बुधवार से प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाया जाएगा। हालांकि मौके का जायजा लेने के लिए प्रशासन की टीम श्रीनगर रोड पर पहुंची तो दुकानदार गुस्सा गए। इसके बाद दुकानदारों ने डीएम डॉ. आशीष चौहान से भेंट की और दुकान खाली करने से पहले उन्हें अन्यत्र जगह उपलब्ध कराने की मांग की। बताया कि दुकान हटने से उनके सामने अब रोजी रोटी का संकट हो गया है। मगर उन्हें वहां से कोई राहत नहीं मिल पाई। डीएम ने कहा कि हाईकोर्ट के निर्देश पर अतिक्रमण की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि बीते सोमवार को प्रशासन की टीम श्रीनगर रोड पर हुए अतिक्रमण हटाने गई थी। तब विरोध के बीच प्रशासन ने दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिन का समय दिया था। डीएम से मुलाकात करने वालों में जगत किशोर बड़थ्वाल, सुनीता रावत, राजेंद्र प्रसाद, गोविंद लाल, सावित्री आदि मौजूद रहे। संवाद