त्योहारी सीजन के कारण उमा देवी तिराहे, कर्णप्रयाग-नैनीताल हाइवे, मुख्य बाजार में लगा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। लंबे समय के बाद बाजारों में रौनक दिख रही है। त्योहारी सीजन में सड़कों पर वाहनों का दबाव है और जाम लग रहा है। बुधवार को भी यहां जाम लगता रहा और इसे खुलवाने के लिए यातायात कर्मियों को भी मशक्कत करनी पड़ी।
नवरात्र पूजन और शादी के लग्न होने पर बुधवार सुबह से ही नगर के उमा देवी तिराहे, कर्णप्रयाग-नैनीताल हाइवे, मुख्य बाजार में वाहनों का जाम लगता रहा। जाम खुलवाने में पुलिस और होमगार्ड के जवानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बीते दो माह से बारिश और आपदा के कारण जहां बाजारों की रौनक गायब थी वहीं त्योहार शुरु होते ही रौनक लौट आई है। ऐसे में बुधवार को सभी मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें दिखीं। विजयादशमी पर्व पर गांवों में धार्मिक अनुष्ठान के समापन, विवाह समारोह सहित अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए लोगों का आवागमन हो रहा है जिससे वाहनों की संख्या में इजाफा हुआ है। थानाध्यक्ष राकेश चंद्र भट्ट ने बताया कि सड़कों पर जाम न लगे इसके लिए कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। मुख्य बाजार और उमा देवी तिराहे में लगातार चेकिंग अभियान संचालित बेतरतीब खड़े वाहनों का चालान किया जाएगा।