कोरोना वायरस के कारण हुए लॉकडाउन के दौरान चमोली जिले के हजारों वाहन चालक और वाहन स्वामी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। वाहन मालिकों का कहना है कि वाहनों के संचालन से उनके परिवार का पालन पोषण होता है, लेकिन अब वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। उनको वाहन का लोन, टैक्स, बीमा व फिटनेस की राशि चुकाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्णभूमि टैक्सी यूनियन, कपीरी टैक्सी यूनियन, मां उमा देवी सूमो यूनियन, सीमांत सहकारी, नौटी व सिंग्वाली टैक्सी यूनियन के विभिन्न मोटर मार्गों पर 550 से अधिक वाहन चलते हैं। साथ ही रूपकुंड, विश्वनाथ और जीएमओ आदि की बसें हरिद्वार, रानीखेत, ग्वालदम, पौड़ी, जोशीमठ आदि शहरों में जाती हैं। कर्णभूमि टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष डा. मदन मोहन नवानी और मां उमा देवी टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष रामकृष्ण भट्ट ने सरकार से वाहनों का टैक्स सहित अन्य सभी देयकों को माफ करने की मांग की। इसके अलावा गौचर, आदिबदरी, गैरसैंण, थराली, देवाल, नारायणबगड़ के वाहन चालकों के सामने भी आर्थिक समस्या बनी है।