एडीएम ने जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अधिक मात्रा में कचरा उत्पन्न करने वाले प्रतिष्ठानों व संस्थानों की पहचान कर कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने और गंदगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।
शुक्रवार को वीसी सभागार में जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक लेते हुए एडीएम ने कहा कि गंगा और उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सभी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के नियमित और प्रभावी संचालन की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। बताया गया कि जिले में 26 एसटीपी संचालित हैं जिनमें 16 सरकारी और 10 निजी हैं। एडीएम ने निकायों को सेप्टेज के सुरक्षित संग्रहण, परिवहन और वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही घर-घर कूड़ा एकत्र करने की व्यवस्था मजबूत बनाने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि जिले में एक अप्रैल से 30 सितंबर तक एंटी लिटरिंग और एंटी स्पिटिंग अभियान के तहत 242 चालान किए गए। बैठक में जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजय कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, ईई राजेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।