देवाल। कनमनिया गदेरे में हुए भूस्खलन से देवसारी-ऐरठा पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने से ऐरठा गांव के लोगों की आवाजाही बंद हो गई है। साथ ही बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है। ग्रामीणों ने डीएफओ से क्षतिग्रस्त मार्ग को ठीक करने की मांग उठाई।
ओडर ग्राम पंचायत के ऐरठा गांव के लोगाें का आवागमन देवसारी पुल से होता है। ऐरठा से देवसारी झूलापुल की दूरी चार किमी है। यहां के 15 बच्चे इंटर कॉलेज देवाल व कन्या हाईस्कूल देवाल में पढ़ते हैं। इस रास्ते के कनमनिया गदेरे में हुए भूस्खलन से गांव का संपर्क कट गया जिस कारण यहां के लोगों का पैदल आवागमन बंद हो गया है। ग्राम प्रधान खीमी राम व व्यापार संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने डीएफओ को भेजे ज्ञापन में बताया कि यह वन विभाग का पैदल मार्ग है। उन्होंने डीएफओ से शीघ्र मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की। वहीं बदरीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ सर्वेश कुमार दुबे ने बताया कि स्टाफ को मौके पर भेजा जाएगा। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।