पर्वतीय राजस्व निरीक्षक, उपनिरीक्षक व राजस्व सेवक संघ की बैठक में उठी मांग
राजस्व चौकियों को सुविधा संपन्न बनाने पर दिया गया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। पर्वतीय राजस्व निरीक्षक, उपनिरीक्षक एवं राजस्व सेवक संघ की जिला कार्यकारिणी ने राजस्व सेवक के रिक्त पदों के सापेक्ष पीआरडी के जवानों की तैनाती करने समेत कई मांगें उठाईं। इसके साथ ही संघ की बैठक में कई समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
नगर के एक होटल में आयोजित संघ की वार्षिक बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राजस्व निरीक्षक व उपनिरीक्षक चौकियों में सुविधा का अभाव है। उन्होंने चौकियों में फर्नीचर उपलब्ध कराने, उच्च तकनीकयुक्त मोबाइल फोन और यांत्रिक तराजू की व्यवस्था करने, सभी राजस्व निरीक्षक व उपनिरीक्षक को लैपटॉप उपलब्ध कराने, 20 साल की सेवा देने पर एसीपी निर्गत करने के लिए प्रतिमाह एक तिथि निर्धारित करने आदि की मांग की गई। नाराजगी जताई गई कि थराली, देवाल अैर नारायणबगड़ के राजस्व निरीक्षक व उपनिरीक्षक के वेतन का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है। बैठक में जिलाध्यक्ष कुलदीप शाह, संरक्षक देवेंद्र सिंह कंडारी, सचिव नीरज स्वरूप, पूजा शाह, जितेंद्र चौधरी, हितेष डिमरी, आशुतोष रावत और राजकुमार आदि मौजूद रहे।