सीएम को ज्ञापन भेजकर जल्द समस्या के निराकरण की मांग
गोपेश्वर। मानदेय सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जनपद के वन पंचायत सरपंचों ने नगर के मुख्य तिराहे से लेकर कलेक्ट्रेट परिसर तक प्रदर्शन किया। उन्होंने सीएम को ज्ञापन भेजा।
इसके बाद आयोजित सभा में संगठन के जिलाध्यक्ष कैलाश खंडूड़ी ने कहा कि वन सरपंच वनाग्नि की रोकथाम से लेकर जल, जंगल व जमीन के संरक्षण में हमेशा आगे रहते हैं, लेकिन उन्हें अधिकारों से वंचित रखा गया है। सरपंचों ने वन अधिनियम की नियमावली 1976 के अनुसार पंचायती वन समिति के स्थान पर वन पंचायत सलाहकार समिति लिखे जाने, प्रदेश स्तर पर सलाहकार परिषद का गठन वन सरपंचों में से किए जाने, वनाग्नि अवरोधक समिति में अध्यक्ष पद पर ग्राम प्रधान के स्थान पर वन सरपंच को नामित किए जाने, वन नियमावली की विसंगतियों को दूर करके वन पंचायतों के अधिकार सुदृढ़ किए जाने, प्रत्येक वन पंचायत का सीमांकन राजस्व विभाग से करवाए जाने, प्रदेश में सभी वन पंचायतों के चुनाव एक साथ करवाए जाने और प्रत्येक वन पंचायत को वन पंचायत भवन प्रदान किए जाने समेत कई मांगें उठाई।
प्रदर्शनकारियों में उपाध्यक्ष बीपी सती, वीरेंद्र रावत, धनवंत्री रतूड़ी, प्रकाश पंवार, गोविंद सिंह, हरक सिंह रावत, हीरा सिंह जदोड़ा, सरोजनी देवी, बीना देवी, सुनीता सहित कई रहे।