पोखरी (चमोली)। मोहनखाल-चोपता (23 किमी) सड़क के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मोहनखाल बाजार में प्रदर्शन कर वन विभाग के विश्राम गृह परिसर में धरना दिया। सड़क संघर्ष समिति का क्रमिक धरना 11वें दिन भी जारी रहा।
धरनास्थल पर हुई सभा में लोगों ने सरकार व प्रशासन की ओर से आंदोलन की सुध नहीं लेने पर नाराजगी जताई। आंदोलनकारियों ने कहा कि मोहनखाल-चोपता सड़क आस्था के साथ ही ईको टूरिज्म के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। चमोली-गोपेश्वर-ऊखीमठ-कुंड हाईवे के बर्फबारी के कारण बाधित होने पर इस सड़क से वाहनों की आवाजाही करवाई जा सकती है। प्रदर्शन करने वालों में सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष धमेंद्र सिंह बिष्ट, देवी प्रसाद थपलियाल, अमरीश थपलियाल, विनय थपलियाल, अमर सिंह, महादेव भट्ट, पुष्कर बिष्ट, जीतपाल नेगी और प्रकाश नेगी के साथ ही कई लोग मौजूद रहे। संवाद