पांच किमी सारकोट-भराड़ीसैंण सड़क के सुधारीकरण की उठाई मांग
कहा- बदहाल सड़क की नहीं ली जा रही सुध, हादसे की बनी है आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
गैरसैंण। विकासखंड के सारकोट-भराड़ीसैंण सड़क के सुधारीकरण की मांग को लेकर कई गांवों के ग्रामीण एकजुट हुए और प्रदर्शन किया। इसके बाद तहसील कार्यालय और लोनिवि कार्यालय पहुंचकर सांकेतिक धरना भी दिया। ग्रामीणों ने कहा कि पांच किमी सड़क बदहाल बनी है और यहां आवाजाही में खतरा बना है। कहा यदि जल्द सड़क का सुधारीकरण नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन करेंगे।
शुक्रवार को भराड़ीसैंण, सारकोट, छजगाड़, मैलांड़ा, कनख्वाली, खर्कागैर, स्कूलधार आदि गांवों के ग्रामीण और महिला मंगल दल एकजुट हुए और मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इसके बाद वह पूर्वाह्न 11 बजे रामलीला मैदान से जुलूस निकालकर तहसील और लोनिवि कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सारकोट-भराड़ीसैंण सड़क सुधारीकरण की मांग को लेकर सांकेतिक धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि साढ़े पांच किमी लंबी यह सड़क लंबे समय से बदहाल है। सड़क का डामर उखड़ गया है जबकि दीवार, पुश्ते, स्कपर, नालियां क्षतिग्रस्त पड़ी हैं। ऐसे में आवाजाही में दुर्घटनाओं की आशंका बनी है। इसके बाद एनटी महेंद्र आर्य के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर जल्द सुधारीकरण की मांग की। वहीं लोनिवि के ईई जेपी थपलियाल ने बताया कि संबधित सड़क का एस्टीमेट बनाकर स्वीकृति के लिए भेजा गया है। प्रदर्शन करने वालों में सुरेन्द्र बिष्ट , मुकेश ढौंडियाल, सुरेन्द्र घीमन , सारकोट की क्षेपंस सत्येश्वरी देवी, महेश्वरी, संगीता, राधा, धर्मा, रेखा, प्रियंका, मधु, सौंणी, हेमा, सुनीता, रेखा और भागा आदि शामिल थे।
बाजार में निकाला जुलूस, अनिश्चतकालीन क्रमिक धरने पर बैठ
कोटियाड़ा सड़क का एलाइनमेंट बदलने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवाल। ब्लॉक के कोटियाड़ा सड़क का एलाइनमेंट बदलने की मांग को लेकर कोटियाड़ा (कोटेड़ा) के ग्रामीणों ने बाजार में जुलूस निकालकर पीएमजीएसवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही ब्लॉक कार्यालय में अनिश्चतकालीन क्रमिक धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा और बाेरागाड़-चौड़ के सोबन राम बैंड से सड़क बनाने की मांग की।
पीएमजीएसवाई की ओर से तीन किमी बोरागाड़-चौड़ सड़क बनाने के लिए पिलर लगाए थे लेकिन कोटियाड़ा के ग्रामीणों ने विरोध कर पिलर उखाड़ दिए। ग्रामीणों ने कहा कि साढ़े तीन किमी स्वीकृत सड़क बोरागाड़-चौड़ के लगभग 50 मीटर पर सोबन राम बैंड से प्रस्तावित की गई थी लेकिन पीएमजीएसवाई ने कुछ लोगों के दबाव में इसका एलाइनमेंट बदल दिया। कई बार ग्रामीणों ने आंदोलन कर सोबन राम बैंड से सड़क बनाने की मांग की। अब शुक्रवार को कोटियाड़ा के ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई के खिलाफ प्रदर्शन कर ब्लॉक कार्यालय में धरना दिया। धरना देने वालों में पूर्व प्रधान खड़क राम, साबुली देवी, राजुली देवी, पुष्पा देवी, अमरा देवी, इंदू, देवकी, राधा, हीरा देवी, बिमला, सुरमा, प्रताप राम, पूरन राम, रेबती, भवान राम, अशोक कुमार, रामपति आदि शामिल रहे।