केंद्रीय विद्यालय गौचर के प्रधानाचार्य, मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष संदीप नेगी व पूर्व सभासद ताजबर कनवासी ने आईटीबीपी के कमाडेंट हाफीजुल्लाह सिद्दीकी से मुलाकात कर केवि के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की।
कहा कि गौचर में केवि की स्थापना वर्ष 1999 में हुई थी लेकिन 24 साल बाद भी विद्यालय को न तो जमीन मिली और न ही भवन। वर्ष 2014 में एसएसबी कैंप गौचर से शिफ्ट होने पर एसएसबी ने 0.745 हेक्टेयर भूमि भवन सहित आईटीबीपी को सौंपी थी और 2016 में यह भूमि आठवीं वाहिनी आईटीबीपी के नाम दर्ज होने से इस पर केवि का संचालन होने लगा। इसके अलावा केवि परिसर के समीप राज्य सरकार की 3.21 एकड़ भूमि को भी एसएसबी की ओर से मुख्यालय छोड़ने से पूर्व आठवीं वाहिनी को सौंपा गया, लेकिन यह भूमि आज तक आईटीबीपी आठवीं वाहिनी के नाम दर्ज नहीं हुई। वहीं, कमांडेंट ने डीएम को ज्ञापन भेजकर 3.21 एकड़ भूमि लीज पर आठवीं वाहिनी के नाम पर करने का अनुरोध किया।