मार्च में अधिकारियों की बैठक में लिए निर्णय पर नहीं हुई कार्रवाई
गोपेश्वर। चतुर्थ केदार रुद्रनाथ धाम के कपाट 20 मई को खुल रहे हैं, लेकिन अभी तक यात्रा मार्ग पर मूलभूत सुविधाओं को लेकर कोई कार्य नहीं हो पाया है। जिसको लेकर ग्वाड़ गांव के सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र सिंह बिष्ट ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा है।
ज्ञापन में कहा है कि बीते 17 मार्च को रुद्रनाथ यात्रा के संबंध में जिला सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई थी। रुद्रनाथ क्षेत्र में रिजर्व वन क्षेत्र होने के चलते पेयजल लाइन नहीं बिछाई जा सकी है। पैदल मार्ग में ल्वींटी खर्क से पनार तक खडिंजा और पठाल बिछाई जाए। पैदल मार्ग पर साइन बोर्ड लगाए जाएं। कपाट खुलने से एक सप्ताह पूर्व जल संस्थान की ओर से पेयजल व्यवस्था करने के साथ मंदिर को एक टंकी उपलब्ध कराई जाए। धाम के पांच कुंडों नारद, सरस्वती, बैतरणी, मानस और ज्योति कुंड को सेंचुरी क्षेत्र से बाहर रखा जाए। रुद्रनाथ में दवाइयों के साथ स्वास्थ्य कर्मी की तैनाती की जाए। आदि मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। संवाद