गोपेश्वर। नीती घाटी के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए चल रहे सर्वेक्षण कार्य को घाटी के गांवों में 31 मई के बाद शुरू करने की मांग उठाई। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि बर्फबारी के कारण गांवों को जाने वाले कई पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त पड़े हैं जिससे अभी ग्रामीण अपने पैतृक गांवों में नहीं लौट पा रहे हैं।
नीती घाटी में वाइब्रेंट विलेज के अंतर्गत 11 ग्राम पंचायतें हैं। इन गांवों के ग्रामीण मई माह के अंत तक निचले क्षेत्रों से अपने पैतृक गांवों की ओर लौटने लगेंगे। कागा गांव के ग्राम प्रधान/प्रशासक पुष्कर सिंह राणा ने कहा कि नीती घाटी के द्रोणागिरी, कागा, गरपक, नीती, गमशाली, बांपा, मेहरगांव, मलारी, फरकिया आदि गांवों के ग्रामीण ग्रीष्मकाल में नीती घाटी के गांवों में लौट जाते हैं। कहा कि इन दिनों गांव-गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इन दिनों सर्वेक्षण कार्य चल रहा है। नीती घाटी की भौगोलिक परिस्थितियां विषम होने के कारण घाटी में सर्वेक्षण कार्य 31 मई से बाद करवाया जाए। संवाद