रणजीत सिंह हत्याकांड का जल्द खुलासा करने, मामले की जांच राजस्व पुलिस से हटाकर रेगुलर पुलिस से करवाने की मांग को लेकर खनसर घाटी के जनप्रतिनिधियों ने विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी से मुलाकात की।
नारायणबगड़ ब्लॉक के गंडीक गांव के पास रणजीत सिंह की हत्या कर शव गड्ढे में दफना दिया गया था। मामले में राजस्व पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था लेकिन हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। बृहस्पतिवार को खनसर घाटी के करीब 50 लोग गैरसैंण पहुंचे। उन्होंने मांग को लेकर विधायक व नायब तहसीलदार को ज्ञापन दिया। उन्होंने मृतक की पत्नी को 50 लाख का मुआवजा व नियुक्ति देने, विभागीय ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि मामला रेगुलर पुलिस को स्थानांतरित करने के लिए डीएम से वार्ता करेंगे और पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद के लिए शासन स्तर से प्रयास करेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में जिपं सदस्य अवतार पुंडीर, नारायण बिष्ट, चंद्र सिंह, उषा गुसांई आदि शामिल थे।