पब्लिक स्कूलों में किताबें बेचने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार को शिक्षा विभाग, तहसील और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने एक प्राइवेट स्कूल में छापा मारा, जहां स्टोर में अधिक संख्या में किताबें मिलीं। टीम ने किताबों को जब्त कर लिया है।
खंड उप शिक्षा अधिकारी विवेक पंवार ने बताया कि इस पब्लिक स्कूल में लंबे समय से स्कूल से ही किताबें बेची जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसको लेकर विद्यालय को कई बार नोटिस भी जारी किए गए, लेकिन स्कूल ने किताबों की बिक्री पर रोक नहीं लगाई। बुधवार को संयुक्त टीम बनाकर स्कूल में छापा मारा गया तो अधिक संख्या में किताबें मिलीं। इस मामले में स्कूल पर नियमानुसार कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा अधिकारी और जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इस मौके पर नायब तहसीलदार प्रदीप नेगी, एसआई हेमकांत सेमवाल मौजूद शामिल थे। संवादी