मैठाणा में अलकनंदा की तरफ से भूस्खलन का ट्रीटमेंट शुरू
बदरीनाथ हाईवे पर मैठाणा में आरजे बिल्डवेल कंपनी की ओर से अलकनंदा साइड से भू-धंसाव की रोकथाम के लिए काम शुरू कर दिया गया। यहां कंपनी की ओर से हाईवे पर 50 से अधिक ट्रकों से मिट्टी का भरान किया गया इसके बावजूद जमीन धंस रही है। भू-धंसाव पुरसाड़ी-पलेठी सड़क तक पहुंच गया है। यहां पलेठी गांव के करीब 20 परिवारों को भी खतरा बना हुआ है।
मैठाणा में वर्ष 2013 में भू-धंसाव शुरू हुआ था। आरजी बिल्डवेल कंपनी की ओर से यहां करोड़ों रुपये खर्च कर ट्रीटमेंट कार्य किया गया लेकिन इस बरसात में यहां फिर से भू-धंसाव सक्रिय हो गया है। यहां ड्रेनेज के लिए बनाई नाली भी तहस-नहस हो गई है। एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग और अवसंरचना विकास) की ओर से यहां टनों मिट्टी का भरान किया गया लेकिन भू-धंसाव लगातार जारी है। अब आरजी बिल्डवेल कंपनी की ओर से नदी साइड से तार की जाली के साथ पत्थरों के दीवार का निर्माण शुरू कर दिया गया है। एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि इससे कुछ हद तक भू-धंसाव थम जाएगा।
पलेठी गांव के मकानों मे पड़ीं दरारें
दूसरी ओर भू-धंसाव से पलेठी गांव के करीब 20 मकान भी खतरे की जद में आ गए हैं। ग्रामीण सुरेंद्र लाल, मनोज लाल, बिज्जू लाल आदि ने बताया कि उनके मकानों पर दरारें पड़ गई हैं। मकानों को खतरा बना हुआ है।