बारात छोड़कर गांव वापस आ रहे घोड़ा संचालकों में आपसी विवाद और मारपीट में एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल व्यक्ति के परिजन ने मामले की तहरीर राजस्व पुलिस को देकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।
ब्लॉक के ग्राम पंचायत डुंगरी के दीवान सिंह ने राजस्व पुलिस थराली को दी तहरीर में कहा कि बृहस्पतिवार को उनका पुत्र गोविंद सिंह बेड़ गांव की शादी में गया था।
डुंगरी गांव का नरेंद्र लाल भी अपना घोड़ा लेकर इसी शादी में गया था। बारात छोड़ने के बाद जाख गांव के समीप शाम चार बजे नरेंद्र लाल ने गोविंद सिंह पर पत्थर से हमला कर लहूलुहान कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।
आरोपी अपना घोड़ा छोड़कर वहां से भाग गया। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे गोविंद के पिता ने उसे लहूलुहान हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ लाया, जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। दीवान सिंह ने तहसीलदार थराली में तहरीर दी।
तहसीलदार परमानंद राम ने मामले की तहरीर पर राजस्व उपनिरीक्षक नारायणबगड़ को मामले की जांच कर आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।