तीन दिन पहले गुड़गांव से दुगड्डा ब्लाक के गांव में लौटे एक युवक को स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया है। उसे बुखार आया था। शुक्रवार को उसका सैंपल जांच के लिए भेजा है। वहीं नई टिहरी के बौराड़ी जीएमवीएन अतिथिगृह में क्वारंटीन 27 लोगों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए।
कोटद्वार में 14 अप्रैल की सुबह दुगड्डा ब्लाक के एक गांव में दो युवक पहुंचे थे। ग्राम प्रधान की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया तो दोनों का स्वास्थ्य सामान्य मिला। उन्हें होम क्वारंटीन रहने के निर्देश देते हुए आशा कार्यकर्ता को उन पर निगरानी रखने के लिए निर्देशित किया गया था। इस बीच एक 26 वर्षीय युवक को बुखार आया तो उसने स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दी। टीम ने गांव पहुंचकर उसका परीक्षण किया। इस बीच दोबारा बुखार आने पर स्वास्थ्य विभाग दुगड्डा की टीम ने उसे पीएचसी कलालघाटी में बने आइसोलेशन सेंटर में भर्ती करा दिया है। सीएमओ पौड़ी डा. मनोज बहुखंड़ी ने बताया कि युवक का सैंपल जांच के लिए भेजा है। उसके साथ आए अन्य लोगों को होम क्वारंटीन में रहने को कहा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं नई टिहरी के बौराड़ी जीएमवीएन अतिथिगृह में क्वारंटीन किए गए 27 लोगों के ब्लड सैंपल जांच के लिए ऋषिकेश एम्स भेजे गए हैं। एडीएम शिवचरण द्विवेदी ने बताया कि अतिथिगृह में दो से चार अप्रैल के बीच 23 जमाती, तीन सब्जी विक्रेता और एक क्षय रोगी को क्वारंटीन किया गया था। हालांकि उनका 14 दिन का क्वारंटीन पीरियड पूरा हो गया है। बावजूद एहतियात के तौर पर उनके ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
दून और केरल से चमोली पहुंचे लोगों को भेजा क्वारंटीन सेंटर
गैरसैंण। बृहस्पतिवार को देर रात देहरादून से नैल-खनसर आई एक एएनएम और केरल से सैंजी गांव छुट्टी पर आए एक सैनिक और दो अन्य लोगों को प्रशासन ने 14 दिन के लिए क्वारंटीन सेंटर भेज दिया। साथ ही देवाल, सारकोट और महरगांव के कुल पांच लोगों को संस्थागत से होम क्वारंटीन में भेजा है। एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि अब तक गैरसैंण क्षेत्र में 48 से अधिक लोगों को संस्थागत क्वारंटीन किया जा चुका है।