कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा शासनकाल में हुईं भर्तियों की सीबीआई जांच कराने की मांग की। पोखरी ब्लॉक के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मामले में राज्यपाल को ज्ञापन भेजा जबकि जोशीमठ में कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंका।
राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा शासनकाल में हुई भर्तियां में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। पेपर लीक कराकर अपने रिश्तेदारों और चहेतों को दे दी गई जबकि मेहनत और ईमानदारी से परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को बाहर कर दिया गया। ज्ञापन भेजने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष संतोष चौधरी, नगर अध्यक्ष सत्येंद्र कंडारी, कुंवर सिंह, मधुसूदन चौधरी, महिधर पंत, महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रीती भंडारी, प्रदेश सचिव सत्येंद्र नेगी आदि शामिल रहे।
उधर जोशीमठ में कांग्रेसियों ने सरकार पर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, खनन विभाग और सहकारिता विभाग में घोटाले का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन कर सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र रावत, ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम फरस्वाण, देवेश्वरी शाह, ठाकुर सिंह और प्रकाश रावत आदि शामिल रहे।