डीएम ने ली समीक्षा बैठक, दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने आपदा राहत और विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की। डीएम ने सभी कार्य निर्धारित समय सीमा पर गुणवत्ता के साथ पूरा करने और निर्धारित समय पर कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री के निर्देश पर आयोजित बैठक में डीएम ने सभी एसडीएम को आपदा प्रभावितों को दी जाने वाली अहेतुक राशि का समय पर वितरण करने, प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों को सुधारने और कार्यों में तेजी लाने के लिए कहा। सीएम के निर्देश पर सक्षम अधिकारियों को समय-समय पर अस्पतालों का निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। पुलिस, नगर पालिका व जिला पंचायत को अतिक्रमण चिह्नित करने और नियमित कार्रवाई करने के लिए कहा। लावारिस गोवंश, बंदरों को लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने, सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की कार्रवाई में तेजी लाने आदि के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम विवेक प्रकाश, एसडीएम पोखरी अबरार अहमद, आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कई अधिकारी भी वर्चुअली जुड़े रहे।
-
कमेटी गठित कर दवा की दुकानों का करें निरीक्षण
- जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को एसडीएम की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। कहा कि यह कमेटी दवा की दुकानों का नियमित निरीक्षण करेगी। दवा की दुकानों में हर हाल मानकों का अनुपालन कराया जाए। डीएम ने सीएमओ डॉ. अभिषेक गुप्ता को जिले में नकली दवाओं की बिक्री रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के लिए कहा। संवाद