भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने भारत-चीन सीमा पर स्थित मलारी क्षेत्र में संचार सेवा शुरू कर यहां तैनात सेना और आईटीबीपी के जवानों को दिवाली का तोहफा दिया है। जवानों ने मोबाइल फोन से घर फोन कर अपने परिजनों की कुशलक्षेम पूछी।
बीएसएनएल और आईटीबीपी के सहयोग से मलारी में बीटीएस (बेस ट्रांसमिशन स्टेशन) स्थापित किया है। इससे मलारी गांव के ग्रामीणों और सेना व आईटीबीपी के जवानों को संचार का फायदा मिलेगा। सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों को अभी तक एक फोन करने के लिए करीब चालीस किमी की दूरी तय कर सुरांईथोटा और तपोवन आना पड़ता था, लेकिन अब मलारी में संचार की सुविधा होने से जवानों को बड़ी राहत मिली है। दूरसंचार के उपमंडलीय अभियंता जगदीश सिंह रावत ने बताया कि दो दिनों तक मलारी में बीटीएस का ट्रायल किया गया जो सफल रहा। दूरसंचार विभाग ने इसको स्थापित करने पर करीब साढ़े चार लाख की धनराशि खर्च की, जबकि इंफ्रास्टेक्चर सेना ने जुटाया। शुक्रवार से स्टेशन ने सुचारु कार्य करना शुरू कर दिया है।