कर्णप्रयाग। 17 सितंबर से स्वच्छता पखवाड़ा शुरू हो चुका है जो दो अक्तूबर तक चलेगा लेकिन नगर में यह पखवाड़ा झाड़ियां काटने और फाॅगिंग चलाने तक ही सीमित है। नगर न तो डस्टबिन फ्री हो पाया है और न ही यहां कूड़े के ढेर से मुक्ति मिल पाई है।
नगर में कूड़ा उठान के लिए डोर टू डोर कूड़ा एकत्र करने वाली टीमें लगी हैं जो मोहल्लों से कूड़ा उठा रही हैं। बावजूद सुभाषनगर, सांकरी, नए बस अड्डे की ओर, अपर बाजार पार्किंग के आसपास सहित कई जगह कूड़े के ढेर देखे जा सकते हैं। बंदर, कुत्ते इस कूड़े को जगह-जगह फैला रहे हैं। सुभाषनगर के पूर्व सभासद प्रह्लाद सती का कहना है कि रास्तों के आसपास फैले इस कूड़े पर बंदर भी घूम रहे हैं और कई बार महिलाओं और बच्चों पर भी हमला कर रहे हैं। दूसरी ओर सफाई निरीक्षक नितिन सती का कहना है कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रोज कूड़ा उठान किया जा रहा है। झाड़ी कटान के अलावा फॉगिंग भी हो रही है। खुले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद