मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
चमोली में 26 कुपोषित तो 14 अति कुपोषित हैं बच्चे
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। चमोली जिले में कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों को जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी गोद लेंगे। अधिकारी समय-समय पर बच्चों का हालचाल जानने भी उनके घर जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। चमोली जिले में 26 कुपोषित और 14 अति कुपोषित बच्चे हैं।
कुपोषण मुक्त ग्राम योजना के अंतर्गत जिले के कुपोषित बच्चों पर प्रशासन की ओर से विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। अधिकारी जिन बच्चों को गोद लेंगे उन्हें पौष्टिक आहार देने के साथ ही उनके लालन-पालन का जिम्मा भी संभालेंगे। मुख्य विकास अधिकारी नंदन कुमार ने बताया कि जिले में कुपोषित बच्चों की देखभाल के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। संबंधित अधिकारी बच्चों को नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा देंगे। साथ ही उन्हें साफ-सफाई के लिए प्रेरित करेंगे।