गौचर। तेज रफ्तार, मोडिफाइड बाइक (साइलेंसर हटाकर) चलाने वालों और यातायात के नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को पुलिस ने ऐसे 11 दोपहिया वाहन चालकों का कुल सात हजार रुपये का चालान किया।
चारधाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा के लिए विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों से यात्री पहुंच रहे हैं। इनमें से कई यात्री मोडिफाइड बाइकों से तेज आवाज में और तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। पुलिस चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह गुसाईं के नेतृत्व में मंगलवार को पुलिस ने ऐसे 11 दोपहिया वाहन चालकों का मोटर वाहन अधिनियम में चालान किया। चौकी प्रभारी ने बताया कि ये सभी यात्री पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात के लिए ऐसे वाहनों की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। संवाद
कुल सात हजार रुपये
हाईवे किनारे शराब पी रहे चार युवकों पर की कार्रवाई
जोशीमठ। बदरीनाथ हाईवे किनारे शराब पी रहे चार युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। चारों युवकों का पुलिस एक्ट में 500-500 रुपये का चालान किया गया। चारधाम यात्रा को देखते हुए एसपी सर्वेश पंवार ने पुलिस को सार्वजनिक स्थानों, हाईवे किनारे शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत जोशीमठ कोतवाली पुलिस ने अभियान चलाकर चार युवकों को शराब पीते पकड़ा। पुलिस चारों युवकों को कोतवाली लेकर आई और उनका चालान कर दिया। उन्हें भविष्य में ऐसी हरकत न करने की हिदायत भी दी। संवाद