तहसील आदिबदरी के ग्राम-बेड़ी तल्ली के दो लोगों पर फैसिलिटी क्वारंटीन का उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, पाडुली (कर्णप्रयाग) में होम क्वारंटीन का उल्लंघन करने पर कर्णप्रयाग में भी एक व्यक्ति पर पुलिस ने केस किया है।
बेड़ी तल्ली के कुंदन सिंह पुत्र गंगा सिंह व राकेश सिंह पुत्र कुंदन सिंह शनिवार को गुड़गांव से लौटे थे। चिकित्सकों द्वारा इन दोनों को 14 दिन के लिए भराड़ीसैंण स्थित फैसिलिटी क्वारंटीन में रहने की सलाह दी गई थी, लेकिन ये दोनों अपने गांव बेड़ी तल्ली चले गए थे। इस संबंध में जब आदिबदरी पुलिस को शिकायत मिली तो चौकी प्रभारी एसआई पंकज कुमार, आरक्षी सुशील कुमार व सुनीत चौधरी बेड़ी तल्ली पहुंचे। एसआई ने बताया कि दोनों व्यक्ति बिना मास्क पहने गांव में घूम रहे थे। दोनों के मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं कर्णप्रयाग पुलिस ने सौरभ (20) ग्राम-पाडुली (कर्णप्रयाग) के खिलाफ होम क्वारंटन के नियमों का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज किया है। एसआई सुमित चौधरी ने बताया कि आरोपी को चिकित्सकों द्वारा 14 दिन होम क्वारंटीन में रहने की सलाह दी गई थी, लेकिन उसके द्वारा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। संवाद