कर्णप्रयाग। भगवान तुंगनाथ का यात्रा मार्ग इन दिनों स्थानीय यात्रियों से गुलजार है। यात्रा मार्ग के चारों तरफ हरियाली और मार्ग में पड़ने वाले छोटे बुग्याल यात्रियों को आकर्षित कर रहे हैं। सावन में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए तुंगनाथ में भक्तों का हुजूम उमड़ रहा है।
पंचकेदारों में से एक तुंगनाथ का मंदिर में इन दिनों गौचर, कर्णप्रयाग, गोपेश्वर, रुद्रप्रयाग से काफी संख्या में यात्री चोपता से करीब पांच किमी पैदल चलकर बाबा के दर्शनों को पहुंच रहे हैं। क्षेत्र के सुनील पंवार ने बताया कि लॉकडाउन के अलावा गर्मियों में लोगों की आवाजाही न होने इसके आसपास फैले बुग्याल को नया जीवन मिला है। पर्यावरणविद चंडी प्रसाद भट्ट, क्रांति भट्ट का कहना है कि प्रकृति के संरक्षण और संवर्द्धन में लॉकडाउन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।