नारायणबगड़। नारायणबगड़ में परखाल मोटर पुल का काम पूरा हो गया है लेकिन लोनिवि की ओर से लगाया गया चेतावनी बोर्ड अभी तक नहीं हटाया गया है। ऐसे में बाहर से आने वाले यात्री और वाहन चालक भ्रमित हो रहे हैं।
पुल के पास ही अपनी दुकान चलाने वाले मोहन सिंह, हरेंद्र सिंह ने बताया कि अक्सर बाहर से आने वाले यात्री और वाहन चालक पुल के समीप लगे साइन बोर्ड को देखकर भ्रमित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद ही वह गंतव्य की ओर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोनिवि को यहां लगा बोर्ड अब हटा देना चाहिए। वहीं लोनिवि के ईई दिनेश मोहन गुप्ता ने बताया कि मामले में जल्द अधीनस्थ कर्मियों को बोर्ड हटाने के निर्देश दिए जाएंगे। संवाद