बदरीनाथ। बदरीनाथ-केदरनाथ मंदिर समिति ने बदरीनाथ धाम के घाटों का पुलिस के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने पर जोर दिया गया।
बदरीनाथ धाम में स्नान के दौरान श्रद्धालुओं के बहने की घटनाओं में वृद्धि होने पर बीकेटीसी ने यात्रियों को जागरूक करने का अभियान तेज कर दिया है। समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय के निर्देश पर समिति ने बदरीश पंडा पंचायत को दस बाल्टियां दीं, जिससे यात्री सुरक्षित जगह पर स्नान कर सकें। साथ ही उपाध्यक्ष किशोर पंवार व अन्य ने पुलिस के साथ घाटों का निरीक्षण किया। किशोर पंवार ने बताया कि नदी किनारे घाटों को सुरक्षित करना जरूरी है। वहीं पुलिस भी धाम में लाउडस्पीकर से यात्रियों को नदी किनारे जाने से मना कर रही है। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप भट्ट, मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़, पंडा पंचायत के राजेश पालीवाल, सुधाकर बाबुलकर, रजनीश मोतीलाल, अशोक टोडरिया, श्रीकांत बडोला, दुर्गा प्रसाद आदि मौजूद रहे। संवाद