स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनसिंह रावत ने गैरसैंण सीएचसी परिसर में 50 बेड के उप जिला चिकित्सालय का भूमि पूजन किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि साढ़े तीन करोड़ की लागत से बनने वाला यह अस्पताल जुलाई माह से कार्य करना शुरू कर देगा। इसमें 27 चिकित्सकों के पद सृजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अभियंता रविंद्र खैरायत और ठेकेदार कंपनी कोक इन्फ्राटैक के आशीष को जुलाई माह के प्रथम सप्ताह तक अस्पताल भवन तैयार करने को कहा।
रामलीला मैदान में चल रहा क्रमिक अनशन समाप्त
गैरसैंण अस्पताल में चिकित्सक विशेषज्ञों की नियुक्ति की मांग को लेकर रामलीला मैदान में 37 दिनों से चल रहा क्रमिक अनशन स्वास्थ्य मंत्री धनसिंह रावत से वार्ता के बाद समाप्त हो गया। आंदोलन के अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री ने समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अब हर 15 दिन में गैरसैंण में दो दिन के लिए एक महिला रोग विशेषज्ञ व रेडियोलोजिस्ट सेवाएं देंगे और दंत चिकित्सक की शीघ्र ही व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक ग्राम सभा स्तर पर स्वास्थ्य कैंप लगाए जाएंगे। डायलिसिस वाले मरीज को उसके घर से ही सरकारी वाहन अस्पताल पहुंचाएंगा और घर तक छोड़ेगा। 104 नंबर पर फोन करने से गर्भवती महिला को वाहन सुविधा के साथ ही 2 हजार की राशि दी जाएगा।