17 किलोमीटर भेंटा-भर्की चक उर्गम सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहा ग्रामीणों का क्रमिक धरना पीएमजीएसवाई के अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारियों ने मार्च माह के पहले सप्ताह से नई मशीन लगाकर गीरा और बांसा गांव की ओर से सड़क निर्माण कार्य शुरू करने का लिखित आश्वासन दिया है।
सड़क निर्माण की मांग पर ग्रामीण पिछले दस दिनों से कल्पेश्वर मंदिर के समीप क्रमिक धरना दे रहे थे। पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता परशुराम चमोली और तहसील अधिकारियों ने ग्रामीणों और आंदोलनकारी ग्रामीणों से वार्ता की। निर्णय लिया गया कि गीरा और बांसा गांव की ओर से भेंट-भर्की सड़क का काम शुरू किया जाएगा और नई मशीनें लगाकर मार्च माह के पहले सप्ताह से काम शुरू कर दिया जाएगा। सड़क निर्माण में किसी भी ग्रामीण के खेत को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। इस पर ग्रामीणों ने सहमति दी और क्रमिक धरना समाप्त कर दिया। इस मौके पर अवतार सिंह, इंदर सिंह, लक्ष्मण सिंह, गोपाल सिंह, मनोहर सिंह, रघुवीर सिंह, महावीर सिंह, पुष्पा देवी, रजनी देवी, हरकी देवी, प्रताप सिंह, मंगल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।