गोपेश्वर/पोखरी। क्षेत्र में शुक्रवार रात को भालू ने ज्योतिर्मठ विकासखंड के एक गांव में गाय को घायल कर दिया जबकि पोखरी क्षेत्र में आटा चक्की को तोड़ डाला।
ज्योतिर्मठ के पोखनी गांव की गीता देवी ने बताया कि वह रात को गांव के अन्य लोगों के साथ ह्यूंण गांव से लौट रही थी। घर पहुंचीं तो गोशाला से आवाज आने पर वहां पहुंचीं। भालू ने गोशाला की छत तोड़कर गाय को घायल कर दिया था। शोर मचाकर भालू को भगाया। वहीं पोखरी विकासखंड के ग्राम पंचायत पाटी जखमाला के गोदली तोक में भालू ने दिगंबर सिंह नेगी की आटा चक्की का दरवाजा तोड़कर चक्की को तहस-नहस कर दिया। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के वनक्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है। वन कर्मियों की टीम को गोदली तोक भेजा गया है। सभी से सतर्क रहने की अपील की जा रही है। अकेले खेत व जंगल न जाएं। संवाद
भालू प्रभावित क्षेत्रों में झाड़ी कटान किया
गोपेश्वर/पोखरी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पंचायत चमोली की ओर से भालू प्रभावित क्षेत्रों में झाड़ी कटान का काम शुरू कर दिया गया है। ज्योतिर्मठ विकासखंड के गणाई मोल्टा, डुमक-कलगोठ, पोखरी के ग्राम पाव, नंदानगर के क्षेत्रों में झाड़ी कटान का काम किया जा रहा है। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह ने बताया कि जहां भी भालू दिख रहा है वहां टीम भेजकर झाड़ी कटान का काम किया जा रहा है। संवाद