बर्फबारी के बाद तय की जाएगी खेलों की तिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। औली को आगामी वर्ष की राष्ट्रीय स्कीइंग खेलों की मेजबानी मिल गई है। मौसम ने साथ दिया तो अगले आगामी जनवरी या फरवरी में औली की ढलानों पर राष्ट्रीय खिलाड़ी स्कीइंग का हुनर दिखाते नजर आएंगे। औली की प्राकृतिक ढलानों पर खेलों का रोमांच नजर आएगा।
औली में मौसम ने साथ दिया तो देश के कोने-कोने से स्कीइंग खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने यहां पहुंचेंगे। हालांकि खेलों का आयोजन बर्फबारी पर निर्भर करेगा। यदि बर्फ समय पर और अच्छी हुई तो खेलों का आयोजन बेहतर ढंग से हो सकेगा। विंटर गेम्स एसोसिएशन के सचिव अजय भट्ट ने बताया कि स्की एंड स्नोबोर्ड एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी की ओर से औली को स्कीइंग खेलों की मेजबानी दी गई है। हालांकि अभी खेलों की तिथि निर्धारित नहीं की गई है। बर्फबारी के बाद खेलों की तिथि और कार्यक्रम निर्धारित किए जाएंगे। औली में एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर की स्कीइंग प्रतियोगिता मिलने पर क्षेत्रीय खिलाड़ियों व स्कीइंग प्रेमियों में उत्साह है।