मंगलवार को प्रशासन हरकत में आया और बर्फ को पिघलाने के लिए सड़क पर नमक का छिड़काव किया गया, जिसके बाद औली की ओर से फंसे वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई गई लेकिन अभी भी सड़क पर बर्फ होने से वाहन रपट रहे हैं। दिल्ली के पर्यटक मयंक शर्मा और सुबोध शर्मा का कहना है कि बर्फबारी के कारण उनका वाहन दो दिनों से औली में ही फंसा रहा, मंगलवार को मुश्किल से वाहन को जोशीमठ लाए। सड़क से बर्फ हटाने की कोई व्यवस्था प्रशासन की ओर से नहीं की गई, जिससे दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
जोशीमठ पहुंचे मुंबई के पर्यटकों ने बताया कि वाहन से औली जाने का कार्यक्रम था, लेकिन सड़क पर जाम होने के कारण रोपवे से औली जाने का कार्यक्रम बनाया, लेकिन यहां भी एडवांस बुकिंग होने के कारण औली का दीदार नहीं कर पाए। ऐसे में जोशीमठ में नृसिंह मंदिर के दर्शन किए। अब बुधवार को औली जाएंगे। जोशीमठ तहसील के तहसीलदार प्रदीप नेगी ने बताया कि औली रोड पर वाहनों की आवाजाही बहाल करवा दी गई है।
औली रोपवे पर बढ़ा दबाव
औली रोड पर वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ने और बार-बार लग रहे जाम को देखते हुए पर्यटक रोपवे से औली पहुंच रहे हैं, लेकिन यहां भी एडवांस में ऑनलाइन बुकिंग होने से पर्यटकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। जीएमवीएन (गढ़वाल मंडल विकास निगम) की ओर से संचालित रोपवे में एक चक्कर में 25 पर्यटकों को औली ले जाया जाता है। प्रतिदिन रोपवे जोशीमठ से औली के 17 चक्कर लगाती है, लेकिन इन दिनों पर्यटकों की तादात बढ़ने से रोपवे के एक दिन में 19 चक्कर लगाए जा रहे हैं। रोपवे प्रबंधक दिनेश भट्ट ने बताया कि रोपवे में 50 फीसदी तक ऑनलाइन बुकिंग चल रही है।