कर्णप्रयाग। एसबीआई आरसेटी गोपेश्वर की ओर से 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्य दिया जा रहा है जिसमें 18 से 45 साल की महिलाएं और युवतियां भाग ले सकती है। आरसेटी के देवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि प्रवेश के लिए क्यू आर कोड जारी किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान रहने और खाने की व्यवस्था संस्थान की ओर से निशुल्क रहेगी। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवतियां और महिलाएं खुद का स्वरोजगार कर अच्छी आमदनी कर सकते हैं। संवाद
.....................
राजजात के पैदल मार्गाें को छह फीट चौड़ा करने की मांग
कर्णप्रयाग। श्रीनंदा देवी राजजात समिति ने एक पड़ाव से दूसरे पड़ाव तक जाने वाले पैदल मार्गों को छह फीट चौड़ा और इंटरलॉक टाइल्स युक्त बनाने की मांग की है। समिति के महासचिव भुवन नौटियाल व अन्य पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में कहा कि हिमालीय महाकुंभ श्रीनंदा देवी राजजात वर्ष 2027 में होनी है। इसके लिए कर्णप्रयाग, गैरसैंण, नारायणबगड़, थराली और देवाल विकासखंडों में राजजात के पैदल मार्गों के सुधारीकरण के लिए जिला पंचायत ने निविदा आमंत्रित की है लेकिन इनके लिए बहुत कम धनराशि रखी है। समिति ने कहा कि राजजात में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रास्तों का छह फीट चौड़ा और रेलिंग युक्त होना चाहिए। इससे श्रद्धालुओं को सुविधा के साथ सुरक्षा भी मिलेगी। संवाद