गोपेश्वर में बीएड संकाय के छात्रों को भी छात्र संघ चुनाव में शामिल करने की मांग करते छात्र नेता।
- फोटो : Amar Ujala
पीजी कॉलेज गोपेश्वर में बीएड संकाय के सेमेस्टर परीक्षा परिणाम अभी तक भी घोषित नहीं हो पाए हैं, जिसके चलते बीएड संकाय के 37 छात्र-छात्राएं छात्र संघ चुनावों में भाग नहीं ले पाएंगे। महाविद्यालय प्रशासन के इस आदेश से नाराज छात्र-छात्राओं ने बुधवार को कॉलेज गेट पर कुलपति का पुतला फूंक प्रदर्शन किया।
गुस्साएं छात्रों ने चुनाव में भाग न लेने की सूरत में जमा की गई 170 रुपये छात्र संघ शुल्क लौटाने की मांग उठाई है। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष पंकज बिष्ट, प्रकाश सिंह बिष्ट और भरत सिंह का कहना है कि परीक्षा परिणाम तैयार होने के बाद भी घोषित नहीं किया जा रहा है, जिससे बीएड संकाय के छात्रों को छात्र संघ चुनावों में भाग न लेने के आदेश दिए गए हैं। वहीं छात्र-छात्राएं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
छात्रों में शीघ्र परीक्षा परिणाम घोषित न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके प्रदीप, विजय, पंकज, सुनीता, रत्ना, अंजली, कुसुम, सुषमिता, प्रियंका, सीता और तनुजा आदि मौजूद थे।
इधर, महाविद्यालय प्राचार्य डा. पीएस मखलोगा का कहना है कि विश्व विद्यालय की ओर से बीएड संकाय का परीक्षा परिणाम घोषित न होने के चलते छात्र-छात्राओं को अस्थायी प्रवेश दिया गया है। छात्र संघ चुनाव नियमावली के अनुसार स्थायी प्रवेश के बिना छात्र चुनाव प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकते।