क्षेत्र पंचायत की बैठक में सदस्यों ने एडीबी (एशियन डेवलपमेंट बैंक) डिवीजन के खिलाफ सदन में जमकर नारेबाजी कर विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का प्रस्ताव पारित किया।
बुधवार को ब्लाक प्रमुख उर्मिला बिष्ट की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक आयोजित हुई, जिसमें शिक्षा विभाग में शिकायतों की भरमार पर ज्येष्ठ उपप्रमुख की अध्यक्षता में जांच समिति का गठन किया गया। जबकि सदन में ब्लाक समन्वयकों का स्थानांतरण करने और अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया।
सदस्यों ने कहा कि देवाल-लोहाजंग पर करोड़ों की लागत से हुए सड़क सुधार कार्य गुणवत्ता विहीन है। कहा कि निर्माणदायी विभाग एडीबी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए सरकारी धन की वसूली होनी चाहिए। साथ ही खेता में खाद्य गोदाम खोलने, लोहाजंग-वाण, धुरा-धारकोट, सवाड़, नंदकेशरी-ग्वालदम सड़क की दयनीय हालत, क्षतिग्रस्त झूला पूल लिंगड़ी, ओडर, हरमल, सुपलीगाड़ का पुनर्निर्माण के साथ ही धरातल्ला, देवसारी आदि सड़कों के निर्माण की मांग भी की गई।
बीडीओ विक्रम लाल शाह के संचालन में हुई बैठक में ज्येष्ठ उपप्रमुख हरेंद्र कोटेड़ी, कनिष्ठ उपप्रमुख मनोज कुमार, राजेंद्र दानू, रमौती देवी, पुष्कर फर्स्वाण, गंगा सिंह, आनंद कुनियाल, नरेश राम, पुष्कर सिंह, हीरा राम , बच्ची राम, हीरा पहाड़ी, मंजू परिहार, आनंदी देवी, नरेंद्र सिंह, आश देवी, देवकी देवी, गोपाल सिंह, नंदाबल्लभ, भगवती, हरीश चंद्र सहित कई ने भाग लिया।