क्षेत्र पंचायत की बैठक में अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर प्रधानों ने जमकर हंगामा काटा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर बैठक का बहिष्कार किया।
मंगलवार को ब्लाक सभागार में प्रमुख अंशी नेगी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक शुरू हुई, लेकिन बैठक में अधिकारियों के न होने पर प्रधानों ने रोष जताते हुए हंगामा किया।
प्रधान संगठन के अध्यक्ष एमएन चंदोला ने कहा कि इस तरह की बैठक का कोई औचित्य ही नहीं है। संगठन ने ब्लाक सभागार के बाहर सभा कर कहा कि ब्लाक में आपदा से नुकसान, पेयजल, सड़क, शिक्षा और मनरेगा के अवशेष भुगतान का हल लंबे समय से नहीं हो पा रहा है।
कहा कि पंचायत प्रतिनिधि बैठक के माध्यम से अपने क्षेत्रों की समस्याओं को उठाते हैं लेकिन अधिकारी बैठकों के प्रति लापरवाह बने हैं। प्रधानों ने प्रमुुख अंशी नेगी को ज्ञापन देते हुए कहा कि 25 दिनों के भीतर दुबारा बैठक हो जिसमें सभी विभागों के आलाधिकारी मौजूद रहें। कहा कि अगर बैठक में अधिकारी नहीं पहुंचे तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान नरेंद्र रावत, उषा रावत, महिपाल रावत, बचन सिंह, महिपाल, राजेश्वरी देवी, गोदांबरी देवी, रजनी देवी, नंदी देवी, राधा देवी, कविता, सुनीता, शंकुतला आदि शामिल थे।