भू-धंसाव की चपेट में मुख्य बाजार स्थित एयरटेल का मोबाइल टावर भी आ गया है। अब इस टावर को दूसरी जगह शिफ्ट करने का काम शुरू कर दिया गया है। टावर शिफ्ट करने और बीएसएनएल में तकनीकी दिक्कत से पूरे दिन नगर के बैंकों में कनेक्टिविटी नहीं रही और काम ठप रहा। ऐसे में उपभोक्ताओं को काफी परेशान होना पड़ा।
नगर के मुख्य बाजार के जिस भवन में एयरटेल का मोबाइल टावर लगा है उसमें दरालें आ गई हैं। नगर में एयरटेल डिस्ट्रीब्यूटर सुनील चौहान ने बताया कि अब टावर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है। नगर में कंपनी के छह मोबाइल टावर हैं लेकिन अधिकांश बैंक इसी टावर से जुड़े हैं जिसके चलते बैंकों में कनेक्टिविटी की दिक्कत रही।
वहीं शनिवार को बीएसएनएल में भी दिक्कत रही जिससे बैंकों में कामकाज ठप रहा। स्थानीय निवासी कैलाश भट्ट का कहना है कि वह पंजाब नेशनल बैंक में पैसा निकालने गए, लेकिन कनेक्टिविटी नहीं आने से पैसे नहीं निकल पाए। कनेक्टिविटी नहीं होने से नगर में पीएनबी के साथ ही एचडीएफसी, ग्रामीण बैंक, एसबीआई सहित अन्य बैंकों में भी यही समस्या रही। लीड बैंक अधिकारी गबर सिंह रावत ने बताया कि रविवार तक बीएसएनएल की सेवा को दुरुस्त करवा दिया जाएगा जिसके बाद समस्या नहीं रहेगी।
I
I
Iसिंहधार वार्ड में बार-बार टूट रही पेयजल लाइनI
नगर के सिंहधार वार्ड में पेयजल लाइन बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है जिससे उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जल संस्थान के जेई ओम प्रकाश का कहना है कि सिंहधार वार्ड में भू-धंसाव के चलते पेयजल लाइन टूट रही है। शुक्रवार को एसबीआई बैंक के पास लाइन क्षतिग्रस्त हुई और शनिवार को फिर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसे ठीक कर दिया गया है।
Iनेता प्रतिपक्ष ने प्रभावित परिवारों को बांटे राशन किटI
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने शनिवार को भू-धंसाव से प्रभावित परिवारों को राशन किट बांटे। जोशीमठ के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रकाश रावत के नेतृत्व में यह सामग्री रविग्राम, गांधीनगर, डोडिला आदि क्षेत्रों में वितरित की गई। नेता प्रतिपक्ष भू-धंसाव होने पर दो बार जोशीमठ में आपदा प्रभावितों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। पूर्व प्रमुख प्रकाश रावत ने बताया कि 150 प्रभावित परिवारों को राशन किट वितरित किए गए हैं। इस मौके पर लक्ष्मी लाल, हरेंद्र राणा, धर्मेंद्र नेगी, रजनीश पंवार, सूरज सैलानी और करण सिंह आदि मौजूद रहे।