परिवार के सदस्यों व वायुसेना के अधिकारियों के साथ पहुंचे जोशीमठ
संवाद न्यूज एजेंसी
जोशीमठ। भारतीय वायु सेना के एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने शुक्रवार को जोशीमठ पहुंचे और यहां नृसिंह मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उनके साथ परिवार के सदस्य और वायुसेना के अधिकारी भी मौजूद थे। शनिवार को उनके बदरीनाथ धाम पहुंचने की संभावना है।
एयर चीफ मार्शल शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे आर्मी हेलिपैड से नृसिंह मंदिर पहुंचे। दर्शन के बाद वे भगवान नृसिंह की विशेष पूजा में भी शामिल हुए। मंदिर के पुजारी हनुमान प्रसाद डिमरी ने विशेष पूजा संपन्न कराई। एसडीएम/बीकेटीसी की उप मुख्य कार्याधिकारी कुमकुम जोशी ने उनकी आगवानी की और उन्हें प्रसाद भेंट किया। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डाॅ. हरीश गौड़ ने बताया कि एयर चीफ मार्शल ने नृसिंह मंदिर के अलावा दुर्गा मंदिर, तिमुंडिया वीर मंदिर, आदिगुरु शंकराचार्य गद्दी स्थल के भी दर्शन किए। इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजेंद्र बिष्ट, प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप भट्ट, नृसिंह मंदिर के प्रभारी संदीप कपरवाण आदि मौजूद रहे।