थर्टी फर्स्ट का जश्न मनाने के लिए देश-विदेश के पर्यटकों की ओर से औली और जोशीमठ में एडवांस बुकिंग आनी शुरू हो गई है।
11 दिसंबर को औली में हुई बर्फबारी से यहां का मौसम सुहावना और ठंडक भरा हो गया है। जोशीमठ नगर के होटलों में भी करीब साठ फीसदी तक पर्यटकों की एडवांस बुकिंग आ गई है।
औली में गढ़वाल मंडल विकास निगम, नंदा देवी एडवेंचर रिसॉर्ट, पर्यटन विभाग और क्लीप टॉप होटल हैं। ये सभी होटल थर्टी फर्स्ट के लिए एडवांस में ही बुक हो गए हैं।
थर्टी फर्स्ट के जश्न को लेकर जोशीमठ बाजार के होटल व्यवसायियों में उत्साह बना है। वर्ष 2013 की आपदा के बाद बदरीनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव जोशीमठ में भी व्यवसाय पटरी से उतर गया था। अब धीरे-धीरे पर्यटकों की आवाजाही से यहां की रौनक वापस आने लगी है।
जोशीमठ होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश रंजन भिलंगवाल का कहना है कि औली में उम्मीद के अनुरूप बर्फबारी नहीं हुई है। थर्टी फर्स्ट से पहले यदि बर्फबारी हो तो औली के सौंदर्य में और निखार आ जाएगा।
जिला पर्यटन अधिकारी एसएस यादव का कहना है कि औली के साथ ही जिले के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आमद बढ़ रही है। पर्यटक स्थलों पर सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। चार धाम यात्रा संपन्न होने के बाद जिले में करीब पांच हजार पर्यटक सैर-सपाटे को पहुंचे हैं।