ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में 21वां राज्य स्थापना दिवस मनाने को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। डीएम स्वाति एस भदौरिया ने नोडल अधिकारियों की बैठक में व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने कहा कि भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में राज्य स्थापना दिवस पर आईटीबीपी और पुलिस परेड होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत का दौरा प्रस्तावित है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। डीएम ने सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, पेयजल, बिजली, सुरक्षा और चिकित्सकीय व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। नगर पालिका गैरसैंण को अलाव की व्यवस्था करने के लिए भी कहा। इसके अलावा वीरचंद्र सिंह गढ़वाली की समाधि स्थल दूधातोली (कोदियाबगड़) के पैदल ट्रेक पर सूक्ष्म जलपान, अस्थायी शौचालय सहित अन्य व्यवस्थाएं करने को कहा। बैठक में एसपी यशवंत सिंह चैहान, सीडीओ हंसादत्त पांडे, सीएमओ डा. जीएस राणा, उप जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।