ईसीजी और शुगर की भी होगी जांच, पंचकर्म और प्राकृतिक चिकित्सा भी होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
आदिबदरी। उत्तराखंड सरकार की पहल पर आदिबदरी का आयुष आयुर्वेदिक चिकित्सालय जिले का पहला उत्कर्ष केंद्र बन गया है। इस केंद्र में अब पंचकर्म और प्राकृतिक चिकित्सा के साथ कई नई सुविधाएं भी मिलेंगी।
जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डॉ. एस. कुमार त्रिपाठी ने बताया कि राज्य सरकार ने प्रत्येक जनपद में एक आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसी के तहत इस चिकित्सालय को उन्नत किया गया है। पंचकर्म के लिए पुरुष चिकित्सक पहले से हैं। महिलाओं की पंचकर्म चिकित्सा के लिए शीघ्र ही एक महिला चिकित्सक की नियुक्ति की जाएगी। उत्कर्ष केंद्र के चिकित्साधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने जानकारी दी कि यहां पैथोलॉजी की सुविधा के तहत टाइफाइड, मलेरिया और शुगर की जांच, ईसीजी हो सकेगी। एक्यूप्रेशर और पंचकर्म के आधुनिक उपकरण भी चिकित्सालय में आ गए हैं। गठिया और चर्मरोग का भी यहां इलाज होगा। वहीं चिकित्सालय के उत्कर्ष केंद्र बनने पर आदिबदरी के प्रधान आरती बहुगुणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य नवीन बहुगुणा और भलसों के प्रधान विजय बरमोला सहित व्यापारियों ने खुशी जताई।