अलकनंदा और पिंडर नदी के संगम पर फोटो खिंचवाते समय लखनऊ निवासी एक युवक फिसलकर नदी की तेज धारा में बह गया, जबकि उसका साथी नदी के बीचों-बीच पत्थर पर अटक गया। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने पत्थरों के बीच फंसे युवक को बचा लिया जबकि नदी में बहे युवक का कुछ पता नहीं चल पाया। युवक की खोज के लिए प्रशासन ने गोताखोर और जल पुलिस की टीम को बुला लिया है।
एसआई सुमित चौधरी ने बताया कि गुड़गांव में नौकरी करने वाले दो युवक और दो युवतियां जोशीमठ घूमने के लिए गए थे। सोमवार को वापसी के दौरान चारों कर्णप्रयाग में अपराह्न 2.30 बजे संगम पर गए और फोटोग्राफी करने लगे। इसी दौरान फोटो खिंचवाते समय दो युवक फिसलकर नदी में बह गए। उनके साथ आईं युवतियों की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान नदी में बहते समय एक युवक तरुण (31, पुत्र येबोडे ताइपा निवासी हैदराबाद) पत्थरों के बीच फंस गया, लेकिन उसका साथी नदी की तेज धारा में लापता हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने पत्थरों के बीच फंसे युवक को रस्सों की मदद से निकाल लिया, जबकि बहे युवक स्वतंत्र प्रिया (26) पुत्र केके शुक्ला (श्रीनगर कालोनी सीतापुर रोड लखनऊ) की खोज जारी है। एसआई ने कहा कि लापता युवक को खोजने के लिए ऋषिकेश से गोताखोर और श्रीनगर से जल पुलिस को बुलाया गया है। समाचार लिखे जाने तक नदी में बहे युवक की तलाश जारी रही।