गोपेश्वर के पास नेल कुड़ाव गांव के पास जंगल में लगी आग
गोपेश्वर। नगर क्षेत्र गोपेश्वर के नजदीक नेल-कुड़ाव गांव के जंगल में शनिवार देर शाम जंगल में आग भड़क गई। ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रात को ही आग को काबू कर लिया।
अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग के अंतर्गत शनिवार देर शाम को नेल कुड़ाव के जंगल में आग भड़क गई। आग तेजी से गांव की ओर बढ़ने लगी इससे गोशालाओं को खतरा उत्पन्न हो गया। नेल की सरपंच ऊषा देवी ने क्रू स्टेशन पीपलकोटी को वनाग्नि की सूचना दी। क्रू स्टेशन प्रभारी व वन बीट अधिकारी प्रकाश सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक गांव के लोग भी आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने मिलकर तेजी से फायर लाइन काटी और आग को काबू करने का प्रयास किया। सबसे पहले आग को आबादी क्षेत्र की तरफ बढ़ने से रोका गया उसके बाद दूसरे क्षेत्रों की तरफ से भी आग बुझाई गई। देर रात करीब साढ़े 12 बजे तक जंगल की आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। इस दौरान गांव की महिला मंगलदल, युवक मंगलदल और वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।